मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक गुरुवार को हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष को लेकर फैसला नहीं हो सका। विधायक दल की बैठक ने यह साफ कर दिया गया कि नेता प्रतिपक्ष का नाम हाईकमान तय करेगा।
बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पास किया गया। इसमें कहा गया कि नए नेता प्रतिपक्ष का नाम दिल्ली से तय किया जाएगा। बड़ी बात यह है कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ शामिल नहीं हुए। वे छिंदवाड़ा प्रवास पर बताये जा रहे हैं।
माना जा रहा है कि कांग्रेस किसी आदिवासी विधायक को नेता प्रतिपक्ष बनाने पर विचार कर रही है। वहीं कांग्रेस में OBC चेहरे के तौर पर विजयपुर विधायक रामनिवास रावत और OBC कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाह के नाम भी चर्चा में हैं। विधानसभा चुनाव में इस बार नेता प्रतिपक्ष गोविन्द सिंह को हार का सामना करना पड़ा है।
एमपी के पीसीसी कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भवर जितेंद्र सिंह सहित, प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला सहित दिग्विजय सिंह, रामनिवास रावत,जयवर्धन सिंह, हेमंत कटारे सहित 66 नवनिर्वाचित विधायक मौजूद रहे।