परासिया से कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि के बेटे आदित्य वाल्मीकि को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। विधायक सोहनलाल वाल्मीकि की बहू मोनिका के सुसाइड केस में आदित्य को अरेस्ट किया गया है। आदित्य पर मोनिका को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।

मोनिका की बहन रितिका ने अपने जीजा आदित्य वाल्मीकि पर गंभीर आरोप लगाए थे। मोनिका के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। रितिका के मुताबिक़ आदित्य उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे। इससे त्रस्त आकर मोनिका ने फांसी लगाई है।

रितिका ने आरोप लगाया कि आदित्य का किसी महिला से अफेयर था। इसके चलते वह मोनिका को प्रताड़ित करता था और मारपीट किया करता था। वहअक्सर यह भी धमकी देता था कि मोनिका को मार कर दूसरी शादी करेगा।

मोनिका की शादी 3 साल पहले सोहन के बेटे आदित्य से हुई थी। बताया जा रहा है कि मोनिका 6 महीने के गर्भ से भी थी। मोनिका का शुक्रवार को  पोस्ट मार्टम किया गया। माता पिता मोनिका का शव लेकर इटारसी आ गए है जहाँ उसका अंतिम संस्कार होगा।

रितिका के मुताबिक़ मोनिका पिछले कुछ दिनों से मायके इटारसी में थी। इस दौरान आदित्य ने उसे फोन करके बुलाया था। आदित्य ने कहा था कि पापा विधायक बन गए हैं, इसलिए तुम भी बधाई देने आ जाओ। इसके बाद मां मोनिका को छोड़ने परासिया गई थी। मोनिका को छोड़कर जब मां वापस आ गई थी। जब वे इटारसी पहुंची तो मोनिका  का फोन आया और कहा कि आदित्य उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। फोन के बाद जब मम्मी परासिया पहुंचीं तो देखा मोनिका की मौत हो चुकी थी।