राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों का गठबंधन मध्यप्रदेश की सियासत में फेल नज़र आने लगा है। प्रदेश विधानसभा के चुनाव में इंडिया गठबंधन में शामिल कांग्रेस और सपा अलग अलग मैदान में उतर रही हैं जिससे गठबंधन में दरार साफ़ दिख रही है।

रविवार को कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद विधानसभा चुनाव के लिए सपा ने नौ प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इनमें तीन यादव समेत पांच ओबीसी, तीन दलित और एक ब्राह्मण प्रत्याशी हैं। इसके साथ ही राज्य में सपा और कांग्रेस में गठबंधन की अटकलों पर भी विराम लग गया।

सपा की सूची के अनुसार, निवाड़ी से पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव, राजनगर से बृजगोपाल पटेल उर्फ बबलू पटेल, भांडेर आरक्षित से सेवानिवृत्त जिला जज डीआर राहुल (अहिरवार), धौहानी आरक्षित सीट से विश्वनाथ सिंह मरकाम, चितरंगी आरक्षित सीट से श्रवण कुमार सिंह गोंड से मैदान में होंगे।

इनके अलावा, सिरमौर से लक्ष्मण तिवारी, बिजावर से डॉ. मनोज यादव, कटंगी से महेश सहारे और सीधी से रामप्रताप सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया गया है। प्रत्याशी घोषित होने से पहले अखिलेश यादव ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर मध्य प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की।