भोपाल राज्य सरकार ने जबलपुर जिले में नवीन तहसील कटंगी का सृजन कर दिया है। इस नवीन तहसील में वर्तमान तहसील पाटन के राजस्व निरीक्षक मंडल कटंगी के पटवारी हल्का नंबर 1 से 21 एवं 28 से 37 तक कुल 31 पटवारी हल्के तथा वर्तमान तहसील मझौली का पटवारी हल्का नंबर 25, इस प्रकार कुल 32 पटवारी हल्के शामिल रहेंगे।
इधर मुरैना जिले में नवीन अनुभाग यानि सब डिवीजन पोरसा का गठन कर दिया गया है जिसमें तहसील पोरसा के समस्त पटवारी हल्का शामिल रहेंगे। पहले पोरसा, अनुभाग अम्बाह में आता था।
वहीं राज्य सरकार ने दो नवीन नगर परिषदों का गठन किया है। दमोह जिले की तहसील बटियागढ़ की चार ग्राम पंचायतों बटियागढ़, शहजादपुरा, सैडारा एवं सरिया को मिलाकर नवीन नगर परिषद बटियागढ़ बनाई गई है। इसी प्रकार, मंदसौर जिले में दलौदा तहसील की ग्राम पंचायत दलौदा एवं उसके दो गांवों दलौदा चौपाटी एवं दलौदा रेल को मिलाकर नवीन नगर परिषद दलौदा गठित की गई है।