मध्यप्रदेश के नगरीय विकास विभाग के सर्वर पर सायबर अटैक की ख़बर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार सर्वर मंगलवार तक दुरुस्त होगा। साइबर टैक के बाद भी ज्यादातर अभिलेख सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विभाग ने एक प्रेस रिलीज़ जारी करके इस बात की सूचना जारी की है। प्रेस रिलीज़ में लिखा गया है, कि यह सूचित किया जाता है कि दिनांक 21.12.2023 को विभाग की ऑनलाईन सेवाओं हेतु संचालित ई-नगरपालिका सॉफ्टवेयर पर साईबर अटैक की घटना की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना प्राप्त होते ही सुबह 11 बजे विभाग के सभी सर्वरों तथा संचालित नेटवर्क को हार्डवेयर के रख रखाव हेतु पदस्थ आईटी टीम द्वारा एतिहात के तौर पर बंद कर दिया गया। उसके उपरांत विभाग द्वारा Cert-in (Indian Computer Emergency Response Team) तथा साईबर पुलिस को उक्त घटना की सूचना दिनांक 21.12.2023 को ही प्रदान कर दी गयी है।
Cert-in के विशेषज्ञों तथा साईबर पुलिस के द्वारा घटना के संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है। प्राथमिक तौर पर विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा संधारित डाटा के लीक होने के कोई साक्ष्य अभी प्राप्त नहीं हुए है।
विभाग के पास बैकअप डाटा के रूप में उपलब्ध डाटा अभी सुरक्षित है। Cert-in द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार MPSeDC तथा विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सिस्टम को पुनः चालू किये जाने का कार्य संचालित है। 2-3 कार्य दिवस में नागरिक सेवायें पुनः बहाल कर दी जावेगी।