भोपाल: राज्य सरकार ने दिव्यांगजनों के लिये सरकारी पदों पर भर्ती हेतु वाक इन इंटरव्यू की तिथि एक साल और बढ़ाकर 31 दिसंबर 2024 कर दी है।
दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिये निर्देश दिये हैं तथा राज्य सरकार ने सबसे पहले 22 फरवरी 2014 को वाक इन इंटरव्यू से भर्ती के लिये सभी विभागों को परिपत्र जारी किया था। इसके बाद सत्रह बार पुन: यह तिथि बढ़ाई गई और अब 18 वीं बार तिथि बढ़ाई गई है।
उल्लेखनीय है कि दिव्यांगजनों को सरकारी सेवा के पदों पर 6 प्रतिशत का कानूनी आरक्षण दिया हुआ है, लेकिन दस साल बाद भी इनसे पद नहीं भरे जा सकें हैं। राज्य सरकार ने सभी विभागों से दिव्यांगजनों हेतु आरक्षित रिक्त पदों की जानकारी 20 जनवरी 2024 तक मंगाई है।