मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अमरकंटक दौरे पर हैं। बुधवार की दोपहर शिवराज सिंह चौहान बरगी पहुंचे उन्होंने रात्रि को यहीं पर विश्राम किया। बरगी में पूर्व सीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की।

यहां पर उनकी लाड़ली बहनें और भान्जियां उनसे लिपटकर रोने लगीं। बहनों ने चिल्लाकर कहा कि हमें मामा जी चाहिए। ये देखकर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की आंखों में आंसू आ गए।

पूर्व सीएम शिवराज ने लोगों से कहा, 'मैं आपका भाई और मामा हूं। सदैव मैं अपनी बहनों के साथ हूं। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को दोपहर अमरकंटक पहुंचेंगे। पूर्व सीएम अमरकंटक में नर्मदा माता के उद्गम स्थान पर पूजा करेंगे। इस दौरे पर उनका परिवार भी साथ है। यहां भी शिवराज सिंह चौहान अपनी दिनचर्या जारी रखे हुए हैं। गुरुवार सुबह उन्होंने बरगी बांध के पास माइकल रिसॉर्ट में पौधारोपण किया। यहां से वे रानी दुर्गावती के समाधि स्थल पहुंचे और श्रद्धांजलि दी।