मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में  धुआंधार प्रचार के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजस्थान के विधानसभा चुनाव में सक्रिय नज़र आ रहे हैं। गुरुवार को सीएम शिवराज ने लगातार दूसरे दिन विजय संकल्प सभाओं को संबोधित किया और जनता से 'कमल' खिलाने की अपील की।

सीएम शिवराज ने जनसभाओं में कहा कि 3 दिसंबर को BJP की बंपर जीत दर्ज़ करने जा रही है। लाडली बहना योजना से चुनावों में चर्चित हुए CM शिवराज ने  कहा कि राजस्थान की बहनों ने बुलाया और भाई चला आया और इस संकल्प के साथ आया हूँ कि कांग्रेस के पाप की, भ्रष्टाचार की, अत्याचार और अन्याय की लंका जलाकर राख कर दूँगा।

सीएम शिवराज ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जिस पवित्र मिट्टी को माथे से लगाकर लोग गर्व महसूस करते हैं, उस राजस्थान को आपने भ्रष्टाचार में नंबर-1 बना दिया। मंत्रालय से नोटों के बंडल बरामद हो रहे हैं, सोना निकल रहा है।

वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा वार करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि अशोक गहलोत जी और राहुल गांधी जी की एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई। राहुल बाबा ने मध्यप्रदेश में कहा था कि 10 दिनों में सबका कर्ज माफ करेंगे; लोगों ने सवा साल इंतजार किया, लेकिन कर्जा माफ नहीं हुआ।