मोहन यादव सरकार के मंत्रियों को विभाग बांटने का फार्मूला भी हाइकमान ने उसी तरह तैयार किया है जिस तरह कैबिननेट गठन का फार्मूला बनाया गया था। जानकार सूत्र की मानें तो राज्य सरकार के महत्वपूर्ण महकमों की जिम्मेदारी के बारे में पहले ही फैसला किया जा चुका है।

इनमें गृह, सामान्य प्रशासन, लोक निर्माण, जलसंसाधन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनसंपर्क जैसे करीब एक दर्जन महकमों में मंत्रियों की तैनाती' के लिये नाम दिल्ली में तय हो गये थे। बताया जाता है कि सीएम ने विभागीय जिम्मेदारी के संबंध में बैठक के दौरान फिर संकेत मंत्रियों को दे दिए हैं।

माना जाता है कि भाजपा हाइकमान भी मिशन 24 के तहत जल्द से जल्द सरकारी योजनाओं व भाजपा के संकल्पों की 'डिलीवरी' चाहता है, इसीलिये वरिष्ठ विधायकों को महत्वपूर्ण विभागों की कमान देकर परिणाम हासिल करने की तैयारी की गई है। इसलिये राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा के अलावा कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह, प्रहलाद पटेल, तुलसी सिलावट जैसे विधायकों को बड़ी जवाबदारी मिल सकती है।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में नई कैबिनेट का गठन हो चुका है। सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने 28 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें से 18 कैबिनेट मंत्री और 10 राज्य मंत्री हैं। खास बात ये है कि 28 मंत्रियों में 18 नए चेहरे हैं। इनमें से 7 पहली बार के विधायक हैं। अब इन मंत्रियों के विभाग वितरण पर सब की निगाह है।