मध्यप्रदेश की चर्चित डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के इस्तीफे की फाइल सरकारी दफ्तरों में तेजी से घूम रही है। जबलपुर हाईकोर्ट द्वारा दी गई डेडलाइन के मुताबिक राज्य सरकार को 23 अक्टूबर सोमवार को निशा बांगरे के इस्तीफे पर फैसला लेना है।

डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के बैतूल जिले की आमला विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना है। निशा बांगरे ने सरकार पर इस्तीफा स्वीकार करने का दबाव बनाने के लिए आमला से भोपाल तक पदयात्रा भी निकाली।

आपको बता दें कि छतरपुर की डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के इस्तीफे की फाइल लंबे समय से भोपाल के सरकारी दफ्तरों में अटकी हुई थी। निशा बांगरे ने अपने इस्तीफे के मामले में पहले मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट की शरण ली। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर जबलपुर हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई कर सरकार को 23 अक्टूबर तक मामले में अंतिम निर्णय लेने का आदेश दिया गया था।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने 229 उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी है लेकिन एकमात्र आमला सीट को होल्ड पर रखा गया है। कांग्रेस ने यहां से निशा बांगरे को मैदान में उतारने की तैयारी की है। पिछले हफ्ते सुप्रीम में सुनवाई के दौरान निशा ने अर्जी खारिज कर दी थी अदालत। हाई कोर्ट को इस मामले में जल्द फैसला लेने का आदेश दिया गया था।