रेवंत रेड्डी आज तेलंगाना में कांग्रेस की पहली सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को दोपहर 1 बजकर 4 मिनट पर विशाल एलबी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

शपथग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी गुरुवार सुबह हैदराबाद पहुंच गए। रेवंत रेड्डी ने उनका हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्वागत किया।

शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे।  कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के भी शामिल होने की संभावना है। 

शपथग्रहण से पहले हैदराबाद को सजाया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक लाख लोग शामिल हो सकते हैं। तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के शपथग्रहण से पहले उनके पोस्टर्स राज्य में हर जगह लगा दिए गए हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में केसीआर की पार्टी बीआरएस को हार का सामना करना पड़ा है। जबकि रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 64 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है और राज्य में पहली बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।