मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा परीक्षा 2019 का परिणाम घोषित कर दिया है। शीर्ष 10 सफल उम्मीदवारों में सात महिलाओं ने जगह बनाई है। एमपी के सतना की रहने वाली प्रिया पाठक ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने प्रिया पाठक के MPPSC में प्रथम स्थान प्राप्त करने को लेकर खुशी ज़ाहिर की है।
डिप्टी सीएम ने अपने X हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, सतना निवासी सुश्री प्रिया पाठक जी ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग 2019 की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर संपूर्ण विंध्य क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। मैं बिटिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं एवं समस्त परिवार एवं स्नेहीजनों को भी बधाई प्रेषित करता हूं।
आपको बता दें, मंगलवार देर रात घोषित परिणाम के मुताबिक प्रिया पाठक राज्य सेवा परीक्षा 2019 में शीर्ष स्थान पर रहीं और उप जिलाधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) पद पर चयनित हुईं हैं।
उप जिलाधिकारी पद पर चयनित शीर्ष 10 उम्मीदवारों में क्रमश: शिवांगी बघेल, पूजा सोनी, राहुल कुमार पटेल, निधि मिश्रा, हरनीत कौर कलसी, सौरभ मिश्रा, सलोनी अग्रवाल, रितिका पाटीदार और आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर शामिल हैं।
साल 2019 में कुल 571 पदों के लिए राज्यसेवा-2019 घोषित हुई थी। ताजा परिणाम में इन पदों के मुकाबले सिर्फ 87 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम और चयन सूची घोषित की गई है। इस तरह पीएससी ने सिर्फ 472 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की है।
पीएससी द्वारा घोषित नतीजों में कुल 24 डिप्टी कलेक्टर, 19 डीएसपी, 17 कोषालय अधिकारी समेत वाणिज्यिककर अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला पंजीयक जैसे पदों के लिए चयन सूची घोषित की है।
इन तमाम पदों के लिए 87 प्रतिशत के अनुपात में ही चयन सूची जारी की गई है। शेष 13 प्रतिशत अभ्यर्थियों के नाम होल्ड पर रख दिए गए हैं। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर कोर्ट का निर्णय आने के बाद ही शेष 13 प्रतिशत पदों के लिए परिणाम आएंगे।