मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का फाइनल काउंटडाउन शुरु हो गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष जनता को लुभाने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान भी लगातार सभाएं और रोड शो करके लगातार सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। साथ ही कांग्रेस को आए दिन खरी-खरी भी सुना रहे हैं।

सीएम शिवराज शुक्रवार 27 अक्टूबर को पन्ना के दौरे पर हैं। यहां सीएम ने एक जनसभा को संबोधित किया साथ ही मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस के टिकट वितरण और कई जगहों पर उम्मीदवार बदले जाने को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस में इस समय चक्कियां चल रही हैं। कमलनाथ कहते हैं कि मेरी चक्की बहुत बारीक पीसती है लेकिन इस बार दिग्विजय की चक्की ने कमलनाथ को ही पीस दिया। कमलनाथ, दिग्विजय और जयवर्धन के कुर्ते फाड़ने की बात करते थे लेकिन सभी कमलनाथ समर्थकों के टिकट कटवाकर अब दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ का कुर्ता फाड़ दिया..."

गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ चुनावी सभाओं में अक्सर यह कहते नज़र आते हैं कि मेरी चक्की बहुत बारीक पीसती है। उनका निशाना प्रदेश के अधिकारियों की ओर रहता है। वहीं हाल ही में कमलनाथ वीरेंद्र रघुवंशी के टिकट को लेकर उनके समर्थकों से कहते नज़र आये थे कि अगर कुर्ता फाड़ना है तो दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह का फाड़ो। कमलनाथ का यह बयान बेहद सुर्ख़ियों में है।