MP News: हमीदिया अस्पताल के डॉक्टर्स ने काली पट्टी बांधी, भोपाल में GIS के दौरान हड़ताल पर रहेंगे


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

MP News: हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल की घोषणा की है। राज्य भर के सरकारी डॉक्टर 24 और 25 फरवरी को हड़ताल पर रहेंगे, गुरुवार को भोपाल के हमीदिया में भी डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन भी किया..!!

MP News: भोपाल के हमीदिया अस्पताल से बड़ी अपडेट है। यहां के डॉक्टर्स ने हड़ताल की घोषणा की और काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन किया। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब देश-दुनिया से निवेशक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए भोपाल आने वाले हैं। सरकार इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जोरदार प्रयास कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 और 25 फरवरी को राज्यभर के सरकारी डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। गुरुवार को भी डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। 

हड़ताल के कारण ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं और अन्य अस्पताल सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने वाले डॉक्टर इसमें भाग नहीं लेंगे।गुरुवार से राज्य भर के सरकारी डॉक्टर अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। राज्यभर के सरकारी डॉक्टरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल के ब्लॉक-2 के सामने डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस प्रदर्शनी में चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा शिक्षकों, डॉक्टर्स और जूनियर डॉक्टर्स ने भाग लिया।

चिकित्सक महासंघ की मुख्य मांगों में उच्च न्यायालय के आदेशानुसार उच्च स्तरीय समिति का गठन, कैबिनेट द्वारा पारित डीएसीपी एवं एनपीए का समुचित क्रियान्वयन, सातवें वेतन आयोग का वास्तविक लाभ तथा चिकित्सा क्षेत्र में प्रशासनिक हस्तक्षेप समाप्त करना शामिल है। डॉक्टरों ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द इन मुद्दों पर फैसला ले, अन्यथा उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

जानें डॉक्टर्स की प्रमुख मांगें..

• उच्च न्यायालय के आदेशानुसार उच्च स्तरीय समिति का गठन

• कैबिनेट से पारित DACP का सही क्रियान्वयन

• 7वें वेतनमान का पूरा लाभ

• चिकित्सा क्षेत्र में प्रशासनिक दखलंदाजी पर रोक