मध्यप्रदेश विधानसभा में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने अभिभाषण में राज्य की तरक्की व अन्य पहलुओं पर सदन को संबोधित किया। पटेल ने आज कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आमजन का संपूर्ण विकास है और इसके लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आकड़े पेश करते हुए कहा कि जब तक गरीबों और अन्य वर्गों को उनका वाजिब हक नहीं दिला दिया जाता, सरकार चैन से नहीं बैठेगी। डबल इंजन की सरकार और बेहतर ढंग से विकास कार्य करेगी।

इससे पहले नवगठित सोलहवीं विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए तोमर के नाम का प्रस्ताव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भूपेंद्र सिंह ने रखा। इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, डॉ राजेंद्र कुमार सिंह और जयवर्धन सिंह की ओर से भी तोमर के नाम का प्रस्ताव रखा गया। इसका समर्थन क्रमशः नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रहलाद पटेल, राजेंद्र शुक्ल, रामनिवास रावत, हेमंत कटारे और तुलसी सिलावट ने किया। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव ने तोमर को निर्वाचित घोषित कर दिया।

निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण होने पर तोमर ने विधिवत तरीके से कामकाज संभाल लिया। मुख्यमंत्री डॉ यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने तोमर को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि सदन की गौरवशाली परंपराएं और मजबूत होंगी।