मध्य प्रदेश में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण तो हो गया है। लेकिन जनता के मन में अभी भी पूर्व सीएम शिवराज की ही छवि सीएम के रूप में है। शिवराज अब प्रदेश के सीएम नहीं रहे ये बात अब भी प्रदेश की जनता के गले से नीचे नहीं उतर रही है।

प्रदेश के नए सीएम के शपथ ग्रहण में शामिल होने के बाद शिवराज जैसे ही स्टेडियम से बाहर निकले उनके समर्थकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। शपथ ग्रहण स्थल के बाहर भाजपा समर्थकों ने शिवराज सिंह चौहान का काफिला रुकवाया। साथ ही बड़ी संख्या में समर्थक शिवराज सिंह चौहान से मिले। मामा मामा के नारे लगाकर महिलाएं युवा शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंचे।

कई लोग तो ये कहते भी दिखाई दिए मामाजी आपने अपने भांजे-भांजियों को छोड़ दिया। साथ ही मामा-मामा के नारे भी गुंजायमान हुए। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस वीडियो को अपने हैंडल पर पोस्ट किया है। एक यूजर ने लिखा है...आप चले गए @ChouhanShivraj जी तो इस मोहब्बत का क्या होगा... शपथ के दौरान स्टेडियम के बाहर शिवराज जी के चाहने वालों ने काफिला रोका, मामा मामा के नारे लगाए...

कहा जा रहा है, कि प्रदेश की जनता को 17 साल से भी ज़्यादा समय तक प्रदेश के सीएम रहे शिवराज की जगह किसी और को अपनाना अपने आप में ही एक बड़ा टास्क है। शिवराज सिंह चौहान ने जो लाइन खींची है उसको पार करना तो दूर की बात है, उस तक पहुंचने में ही नए सीएम मोहन यादव को काफी मेहनत करनी होगी। साथ ही पूर्व सीएम शिवराज की तरह विनम्रता और धैर्य भी धारण करना होगा।