मप्र विधानसभा सत्र के दूसरे दिन की कार्रवाई आज 21 अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों की शपथ और दिवंगत नेताओं को श्रध्दांजलि के बाद कल तक के लिये स्थगित कर दी गई। पहले दिन भी मुख्यमंत्री मोहन यादव और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित 207 नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली थी। गोपाल भार्गव सामयिक अध्यक्ष के रूप में सत्र शुरू होने से पहले ही शपथ ले चुके थे। आज दूसरे आज कांग्रेस विधायक कमलनाथ को छोड़कर बाकी 21 नवनिर्वाचित विधायकों को प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव ने शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा के भूतपूर्व सदस्यों व अन्य गणमान्य दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की। अब अध्यक्ष पद के लिये चुनाव कल होगा। सत्तापक्ष भाजपा ने नरेंद्र सिंह तोमर को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है और कांग्रेस द्वास सहमति जताने के बाद उनके सर्वेसम्मति से चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है। कल अध्यक्ष के चुनाकेबाद राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा।
इन सदस्यों को किया यादः पूर्व मंत्री सरताज सिंह, पूर्व सदस्य रामदयाल अहिरवार, भगवत सिंह पटेल, कल्याण जैन, लीलाराम भोजवानी, ताराचंद पटेल और रामलाल भारद्वाज के निधन का उल्लेख करते हुए सभी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिंघार को उम्मीद
विधानसभा के सत्र के दौरान नये नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दावा किया है कि विस के उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को देने की परंपरा फिर शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और अन्य सभी भी उपाध्यक्ष पद के लिए परंपरा निभाने को तैयार नजर आ रहे हैं। ज्ञात हो कि कांग्रेस विधायक दल ने यह पद विपक्ष को देने की मांग की थी। सिंघार का कहना है कि हमने सकारात्मक शुरुआत की है तथा अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चयन की बात कही है अब हमें उम्मीद है कि उपाध्यक्ष पद हमको ही मिलेगा तथा इसी सत्र में उपाध्यक्ष के लिये नामांकन दाखिल होगा।