भोपाल।प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं कालेजों में प्रत्येक शुक्रवार को इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब-ईएलसी की बैठकें होंगी। इसके लिये उच्च शिक्षा आयुक्त ने सभी विवि के कुलसचिवों एवं सभी कालेजों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किये हैं।

निर्देश में बताया गया है कि मतदाता जागरुकता संबंधी प्रचार-प्रसार गतिविधियों के संचालन हेतु सभी विवि एवं कालेजों मे ईएलसी का गठन कर दिया गया है और इस ईएलसी की एक्जीक्युटिव कमेटी में शिक्षक नोडल अधिकारी, कैम्पस एम्बेसेडर (छात्र-छात्रा), मेंटर शिक्षक (पुरुष-महिला) को भी नामांकित किया गया है। इसलिये अब प्रत्येक शुक्रवार को ईएलसी की बैठक आयोजित की जाये। विवि एवं कालेज में बैठक का आयोजन बड़े सभागार एवं कक्ष में फ्लेक्स आदि लगाकर किया जाये। बैठक का प्रतिवेेदन छायाचित्र सहित संबंधित प्राचार्या, अग्रणी कालेज को प्रत्येक शनिवार को भेजा जाये। क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक द्वारा एकजाई जानकारी प्रत्येक सोमवार को ई-मेल से मुख्यालय भेजी जाये।

एक्जीक्युटिव कमेटी में नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक क्लब सदस्य ने चुनाव आयोग के ईविजिल एप को डाउनलोड कर लिया है। प्रत्येक विवि/कालेज में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं को संयुक्त रुप से शामिल करते हुये संकायवार 50-50 विद्यार्थियों को क्लब का सदस्य नियुक्त किया जाये।