भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान पूर्व पीसीसी चीफ कमलनाथ से छीनकर जीतू पटवारी के हाथों में दे दी गई है। पटवारी के पदभार संभालने के बाद से ही इस बात को लेकर चर्चा थी, कि पटवारी के आते ही संगठन में बड़े बदवाल किए जा सकते हैं।
लेकिन पटवारी ने अटकलों पर विराम लगाते हुए पुरानी टीम पर ही भरोसा जताया है। कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का यथावत निर्वहन करने के निर्देश जारी करते हुये कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सभी पदाधिकारी पूर्व की भांति यथावत अपना कार्य संपादित करेंगे।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिला में नियुक्त जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी, मीडिया-सोशल मीडिया के पदाधिकारी, विभाग-प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, पदाधिकारी, वर्तमान में अपने दायित्वों का यथावत निर्वहन करते हुये पार्टी संगठन की मजबूती हेतु सक्रियता से कार्य करते रहेंगे।
सिंह ने इस संबंध में सभी जिला-शहर कांग्रेस कमेटियों, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, जिला प्रभारी, जिला संगठन मंत्री, विभाग और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को पत्र जारी कर जानकारी प्रेषित की है।