मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में अब ज्ञानवापी विवाद की एंट्री भी हो गई। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने काशी के ज्ञानवापी विवाद पर एक नया राग छेड़ दिया है। इस बयान से प्रदेश के सियासी जगत में हलचल मच गई है।
ग्वालियर के फूल बाग स्थित मानस भवन में पूजा के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ज्ञानवापी मस्जिद विवाद पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब आक्रमणकारियों ने वाराणसी को लूटा तो रानी अहिल्या बाई होल्कर और बैजा बाई ने काशी की रक्षा की। उन्होंने कहा, ''काशी विश्वनाथ मंदिर में ज्ञानवापी मस्जिद के पास के कुएं का सौंदर्यीकरण महारानी बैजा बाई ने करवाया था। जहां आदि विश्वेश्वर का 'शिवलिंग' रखा हुआ है।”
सिंधिया ने आगे कहा कि काशी की स्थापना और विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार में अहिल्याबाई होल्कर ने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मराठों का यह समुदाय हिंदू धर्म को बचाने के लिए जाना जाता है। यह समुदाय छत्रपति शिवाजी महाराज के समय से हिंदू आस्था को संरक्षित करने के लिए जाना जाता है।