मध्यप्रदेश की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार ने अभी से ही लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है। वहीं केंद्र सरकार प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मिली बंपर जीत लोकसभा चुनाव में दोहराने की तैयारी में है। इसके चलते प्रदेशभर में विकसित भारत संकल्प यात्राएं निकाली जाएंगी। इसके लिए प्रदेश के सभी शहरों और गांवों तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाले जाने के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने आज मंत्रालय में "विकसित भारत संकल्प यात्रा" के संबंध में समस्त कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स के साथ वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक की और यात्रा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
CM मोहन यादव ने इस दौरान कहा कि सेवा के सभी संकल्पों को हम पूर्ण करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम पूरे प्रदेश में भव्य रूप से मनाया जायेगा और इसकी तैयारी अभी से प्रारंभ कर दी जाये। 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' का गणतंत्र दिवस के अवसर पर समापन होगा।
शहरी क्षेत्रों में तेरह रथों के जरिए केन्द्रीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। वहीं ग्रामीण अंचलों में साढ़े तीन सौ रथ निकाले जाएंगे। साथ ही योजनाओं के संबंध में पूरी जानकारी डिटेल में समझाने और इनका लाभ आमजन तक पहुंच सके इसके लिए शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके लिए शहरों में तेरह रथ निकलेंगे इन पर एलईडी के जरिए केन्द्रीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आमजन के स्वास्थ्य परीक्षण से लेकर लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी पूरे प्रदेश के रहवासियों को जानने को मिलेगी।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के रथ जहां पहुंचेंगे वहां क्विज कांपीटीशन किए जाएंगे जिनमें सरकारी योजनाओं को लेकर सवाल पूछे जाएंगे। सही उत्तर देने वालों को टीशर्ट, कैप और अन्य उपहार वितरित किए जाएंगे।