प्रदेश भर में मावठे की बारिश का दौर जारी है। इस बारिश से जहां किसानों को फायदा हो रहा है तो नुकसान भी हो रहा है। जिन किसानों ने पहले बोवनी कर दी थी उनकी फसलें बड़ी हो चुकी है जिन्हें फायदा है लेकिन जो किसान अभी बोवनी कर रहे हैं और उसके तुरंत बाद तेज बारिश हो रही है उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। फसल अंकुरित नहीं हो रही है या जो अंकुरित छोटी फसल है वह तेज बारिश वाले क्षेत्रों में जमीन में दब रही है। पहले ही खाद संकट से जूझ रहे किसान इस समस्या से परेशान है।

हालांकि प्रदेश भर में जिन किसानों ने बोवनी नहीं की थी या जिनके पास पानी कम था वे मावठे की बारिश से फायदे में आ गए हैं। वहीं देरी से बोवनी करने वाले जिन किसानों को जमीन तैयार करने के लिए पलेवे की जरूरत पड़ रही थी उन्हें भी पलेवा नहीं करना पड़ रहा है क्योंकि इतनी बारिश हो चुकी है कि जमीन तैयार की जा सके।

किसानों का कहना है कि बारिश से बहुत फायदा हुआ है लेकिन यह फायदा उन्हीं किसानों को हो रहा है जिन्होंने पूर्व में बोवनी कर दी थी। अभी भी नर्मदापुरम में कई किसानों ने बोवनी नहीं की है क्योंकि खाद समय पर नहीं मिला। अब बोवनी कर रहे है, इसी बीच बारिश हो रही है, जो नुकसान पहुंचा रही है।