कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बुधवार को FIR दर्ज की  गई है। रिपोर्ट महाकाल मंदिर समिति की ओर से दर्ज कराई गई है। पटवारी समर्थक और कार्यकर्ताओं पर महाकाल मंदिर में कर्मचारियों से हाथपाई, गाली-गलौज और हंगामे का आरोप है।

मंगलवार को जब पटवारी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे, तब उनके समर्थकों ने नंदी हॉल में जबरन दाखिल होने के लिए नगाड़ा द्वार पर धक्का-मुक्की की। इस आपाधापी में द्वार पर लगा कांच फूट गया था।

दरअसल शपथ ग्रहण के लिए भोपाल आने से पहले जीतू पटवारी बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उनके समर्थकों पर सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता और मंदिर के नंदी हॉल में धक्कामुक्की कर कांच तोड़ने के आरोप लगाए गए हैं। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने मंदिर समिति से इसकी शिकायत की थी। इसी के चलते मंदिर समिति ने महाकाल थाना पुलिस से इसे लेकर को लिखित शिकायत की है।

महाकाल थाना प्रभारी का कहना है, कि FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर के सुरक्षाकर्मी को जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। CCTV फुटेज की सहायता से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।