MP News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश महामंत्री सोनेराम पचौरी के घर पर बदमाशों ने हमला कर दिया. शुक्रवार को देर रात बदमाशों ने उनके घर पर फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में खिड़की के शीशे को तोड़कर गोलियां उनके घर के अंदर आ गईं. गनीमत रही कि इस हमले में नेता सोनेराम पचौरी बाल-बाल बच गए.

दरअसल, मुरैना के BTI रोड, कमिश्नर कॉलोनी स्थित कांग्रेस नेता सोनेराम पचौरी के घर पर बदमाशों ने देर रात हमला कर दिया. कांग्रेस नेता सोनेराम के बेटे प्रशांत पचौरी ने बताया कि कुछ बदमाश देर रात आए और उनके घर के बाहर गाली-गलौज करने करने लगे. इसके बाद अचानक से फायरिंग शुरू कर दी. 

कुछ राउंड फायरिंग के बाद हमलावर तुरंत मौके से फरार हो गए. फ़िलहाल, कांग्रेस नेता के घर पर हमले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.