कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई है खास बात यह है कि इस यात्रा में आज प्रियंका गांधी अपने पति राबर्ट व बेटे रेहान साथ चल रही हैं। यात्रा को लेकर कांग्रेस में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आज यात्रा का 78वां दिन है। प्रियंका पहली बार यात्रा में शामिल हुई हैं। कन्हैया कुमार भी यात्रा में साथ हैं। मगर आज इस यात्रा का आदिवासी नायक टंट्या भील के प्रतिमा स्थल पर पहुंचना राजनीतिक रूप से काफी अहम पड़ाव माना जा रहा है। राहुल के पहुंचने से पहले कल ही सीएम शिवराज सिंह चौहान वहां एक कार्यक्रम का आये हैं। दरअसल आदिवासी वर्ग में भाजपा अपनी पैठ बढ़ाने की कोशिश मे है और कांग्रेस अपनी पैठ बरकरार रखने के जतन कर रही है।
आज यात्रा में राहुल ने रुस्तमपुर पहुंचकर टी ब्रेक लिया फिर यात्रा शुरू की। दोपहर करीब 3 बजे वे यहां से टंट्या भील की जन्मस्थली पहुंचेंगे। यहां बड़ी जनसभा की तैयारी की गई है। इसके बाद एक गुरुद्वारा में लंच ब्रेक होगा। यहां से यात्रा छैगांव माखन के लिए चलेगी, वहां नुक्कड़ सभा के बाद दूसरे दिन का सफर खत्म होगा। रात्रि विश्राम खरगोन जिले के खेरदा में होगा। प्रदेश में यात्रा की शुरुआत बुधवार को बुरहानपुर के बोदरली गांव से हुई थी। यात्रा 12 दिन में 6 जिलों को नापती हुई 4 दिसंबर को राजस्थान में एंट्री करेगी।
राजबाड़े पर होगी सभा
27 और 28 नवंबर को राहुल गांधी की इंदौर यात्रा का रूट आज घोषित कर दिया गया है। यह यात्रा 27 नवंबर को सुबह 6 बजे महू से शुरू होगी। दोपहर को राऊ के आगे समीप लंच ब्रेक होगा। फिर शाम चार बजे यात्रा राजेंद्र नगर पुलिस थाने के सामने से होते हुए गुजरेगी। यहां से चाणक्यपुरी चौराहा व कैसरबाग ब्रिज से उतर कर चोइथराम मंडी चौराहा जाएगी। फिर माणिकबाग रोड से माणिकबाग पुल से कलेक्टर चौराहा पहुंचेगी।
कलेक्टर चौराहा से हरसिद्धि मंदिर के पास से गांधी भवन होते हुए बाटा शोरूम के सामने से राजबाड़ा पर यात्रा ख़त्म होगी। राजबाड़ा पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। 28 नवंबर को सुबह 6 बजे यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होगी तथा जिंसी चौराहा से किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहा जाएगी। विधायक संजय शुक्ला के निवास के सामने से बाण गंगा की तरफ बढ़ेगी। विधायक संजय शुक्ला के फार्म हाउस पर लंच ब्रेक होगा। यहां से दोपहर 4 बजे लंच के बाद यात्रा ग्राम तराना पहुंचेगी और सांवेर के लिए प्रस्थान करेगी।
खड़गे 26 को इंदौर आएंगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 26 नवंबर को शाम नई दिल्ली से विमान द्वारा इंदौर आएंगे। यहां से वे महू जाएंगे। दरअसल 26 नवंबर को भारत का संविधान दिवस मनाया जाता है। वे भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू जाकर नमन करेंगे। जानकार सूत्रों का कहना है कि इस दौरान खड़गे और राहुल गांधी के बीच चर्चा होंगी।
इंदौर तक यात्रा में प्रियंका गांधी भी शामिल रहेंगी। खड़गे का इंदौर आना और राहुल से मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अध्यक्ष पद पर चुने जाने के बाद दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी है। इधर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने यात्रा के 370 किलोमीटर के सफर को जोरदार बनाने की तैयारी कर रखी है।