मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है। चार दिवसीय सत्र के लिए नवनिर्वाचित विधायकों का विधानसभा पहुंचना शुरू हो गया है। सबसे पहले विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ नेइस सत्र से गैर हाज़िर रहने की अनुमति चाही है। सत्र 18 दिसंबर (सोमवार) से 21 दिसंबर (गुरुवार) तक चलेगा।
विधानसभा के सत्र की शुरुआत में प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव दिलाएंगे। शपथसत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष का भी निर्वाचन होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का अध्यक्ष चुना जाना तय है। देखना यह है कि उनके निर्वाचन में कांग्रेस किस तरह की भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 10.30 बजे निवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए। वे दोपहर 12 बजे के बाद विधानसभा में सांसद, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी विधायकों के साथ विधानसभा के लिए प्रस्थान किया।
विधानसभा की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। सदन की सुरक्षा में 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इधर लोकसभा की घटना को देखते हुए सत्र के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सख्ती बरती जा रही है। विधायक सिर्फ एक ही गेस्ट पास जारी कर पाएंगे।
विधानसभा में बनाई गई बैठक व्यवस्था में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान अब चौथे नंबर पर बैठेंगे। सबसे पहले नंबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैठेंगे। दूसरे नंबर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उसके बाद तीसरे नंबर पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बैठेंगे।