मध्यप्रदेश में बुधवार सुबह कोहरे की चादर में हुई। इंदौर, भोपाल, सागर, ग्वालियर, जबलपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को सेंट्रल रीज़न, मालवा और महाकौशल अंचल में बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर ओला गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सागर, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और भोपाल संभाग में दिन का तापमान और गिरने का अनुमान जताया है। प्रदेश में दिन का तापमान 8 से 9 डिग्री तक नीचे आ गया है। जिसके चलते बुधवार सुबह से कई जिलों में स्कूलों का समय भी बदला गया।
बुधवार को इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, पन्ना, सागर, भोपाल में गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। भोपाल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग में कोहरा रहेगा। इस वजह से विजिबिलिटी काफी कम रहेगी।
इधर मौसम विभाग के मुताबिक़ राजधानी भोपाल में बारिश का एक दौर और आने की संभावना है। बताया गया है कि दिसंबर की शुरुआत भी बारिश से हो सकती है। राजधानी में मंगलवार को दिन का तापमान 20.2 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि, नमी की वजह से रात के तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट नहीं आई है।