कांग्रेस के पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मैं हारा नहीं हूं बल्कि हराया गया हूं। मतगणना के दौरान ईवीएम मशीन की मदद से मुझे हराया गया है। अब  पांच साल विपक्ष में रहकर जनता के लिए संघर्ष की लड़ाई जारी रखूंगा।

संजय शुक्ला ने यह बात कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। विधानसभा चुनाव में इंदौर-1 सीट से कैलाश विजयवर्गीय से हारे शुक्ला ने कहा कि हर व्यक्ति कह रहा है कि उसने कांग्रेस को वोट दिया है। क्षेत्र की जनता इस चुनाव में पूरी तरह से अपने बेटे के साथ थी। जनता ने नेता को नकार दिया था। जनता ने तो मेरे प्रति विश्वास व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि चिंता करने की कोई बात नहीं है । जिस तरह से पिछले 5 साल में जनता के लिए उपलब्ध था। जनता के बीच सक्रिय था और जनता के काम कर रहा था। उसी तरह से अगले 5 साल भी विपक्ष में रहकर जनता के लिए संघर्ष करेंगे । मेरे घर के दरवाजे आधी रात को भी पूरे क्षेत्र की जनता के लिए खुले हुए रहेंगे। आप कभी भी मुझे फोन लगाइए। आपकी कोई भी समस्या हो, आपका यह बेटा - आपका यह भाई हमेशा आपके साथ खड़ा हुआ रहेगा।

उन्होंने कहा कि जनता के सुख और दुख में सहभागी बनने में पिछले 5 साल में मैंने कभी कहीं कोई कमी नहीं रखी । आने वाले 5 साल में भी जनता को शिकायत का कोई मौका नहीं मिलेगा । राजनीति मेरे लिए सेवा का माध्यम है और सेवा का यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा ।