वेस्ट पेपर सप्लाई करने वाले भोपाल के एक व्यवसायी को गुजरात की फर्म ने 1.13 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। हनुमानगंज पुलिस ने व्यवसायी की रिपोर्ट पर फर्म के तीन डायरेक्टर्स के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम जल्द ही गुजरात भेजी जाएगी। हनुमानगंज पुलिस के मुताबिक अंकित गुप्ता ( 40 ) शांति नगर हनुमानगंज में रहते हैं और जय माता दी ट्रेडर्स के नाम से कंपनी चलाते हैं। उनकी कंपनी वेस्ट पेपर सप्लाई का काम करती है।

अप्रैल 2019 से अप्रैल 2021 के बीच उन्होंने गुजरात की एक फर्म को 4.81 करोड़ रुपये के माल की सप्लाई की थी। माल लेने के बाद गुजरात की फर्म ने अंकित की कंपनी को 3.67 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया था, जबकि 1.13 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी थी। बाकी की रकम के भुगतान के लिए फर्म की तरफ से करीब 11 चैक अंकित की कंपनी के नाम पर जारी किए गए थे, लेकिन अंकित ने बज उक्त चैक बैंक में जमा करवाए तो अकाउंट बंद होने की जानकारी के साथ वापस कर दिए गए।

व्यवसायी ने जब फर्म के डायरेक्टर्स से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि आर्थिक संकट के कारण पेमेंट में कुछदेरी हो रही है, लेकिन जल्द ही उनका भुगतान कर दिया जाएगा। कुछ समय बाद दोबारा संपर्क करने पर डायरेक्टर्स ने जानकारी दी कि वह अपनी फर्म को बेच कर उनका भुगतान करने वाले हैं। इसके साथ ही उन्होंने फर्म के विक्रय संबंधी अनुबंध को बताया।

परेशान व्यवसायी ने खुद गुजरात जाकर की पड़ताल
काफी प्रयास करने के बाद जब रुपयों का भुगतान नहीं हुआ तो अंकित गुजरात पहुंचे। वहां पता चला कि फर्म बंद हो चुकी है और उसके डायरेक्टर्स गायब हो गए हैं। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की, जिसके आधार पर पुलिस ने फर्म के डारेक्टर बच्चू भाई भूरा भाई अगोला, हर्ष बच्चू भाई अगोला एवं रमा बहन बच्चू भाई अगोला के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया।