गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया। बताया गया कि सुबह उन्हें उल्टी हुई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

बता दें कि गुरुवार को गुना कलेक्टर अमनवीर सिंह बैंस सीएम के साथ आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए ग्वालियर गए थे। वहां से देर रात गुना लौटे। शुक्रवार की सुबह जब वह सर्किट हाउस में थे तो अचानक उनकी तबीयत खराब हो गयी। वह सोफ़े पर बैठे-बैठे ही लेट गए। इसके बाद कलेक्टर बैस को ज़िला अस्पताल ले जाया गया।

उनके आने की सूचना डॉक्टरों को पहले ही दे दी गई थी, इसलिए अस्पताल में सभी तैयारियां कर ली गई थीं। उन्हें सीधे नई बिल्डिंग के आईसीयू में ले जाया गया।  बताया जा रहा है, कि अब वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं, अमनवीर सिंह को  भोपाल रेफर किया जा रहा है। 

सूचना मिलते ही जिला पंचायत के सीईओ, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। इलाज के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।उन्होंने हाल ही में गुना में बस हादसे के बाद बतौर गुना कलेक्टर ज्वॉइन किया था। एसपी भी कलेक्टर से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे।

अमनवीर सिंह बैस 2013 बैच के IAS अधिकारी है। अमनवीर पूर्व मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के बेटे हैं।