ग्वालियर में जैन समाज और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के परिवार द्वारा संचालित सिंधिया स्कूल के बीच विवाद फिर सुर्ख़ियों में आ गया है। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे जैन आचार्य विबुद्ध सागर महाराज को गेट के अंदर जाने से रोकने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और जैन मुनि और उनके अनुयायी स्कूल के गेट के बाहर ही मौन पर बैठ गए हैं।

ग्वालियर किले में एक ऐसा मंदिर है जिसे जैन समाज अपना बताता है। फिलहाल यह मंदिर सिंधिया स्कूल के परिसर में है। सिंधिया स्कूल प्रबंधन ने मंदिर में जाने के लिए गेट बंद कर रखा है। इस मंदिर में दर्शन को लेकर पहले भी कई बार विवाद की स्थिति बनी है।

बताया जा रहा है कि जैन साधु विबुद्ध सागर महाराज बीती शाम वे कुछ श्रद्धालुओं के साथ पद यात्रा करते हुए ग्वालियर किले पर स्थित जैन मंदिर में भगवान के दर्शन करने पहुंचे। जहां सिंधिया स्कूल के गार्ड ने उन्हें रोक दिया।

स्कूल प्रबंधन का कहना है कि जैन साधु और बाकी श्रद्धालु गेट के बाहर से ही दर्शन कर सकते हैं। इसके बाद विवाद की स्थिति बन गई और सभी लोग गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस और प्रशासन ने भी उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी।