मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम दौर में पहुँच रहा है। प्रदेश में 17 नवंबर को वोटिंग है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख़ पास आती जा रही है। प्रदेश के नेता भी चुनाव को लेकर उतने ही जोश में दिखाई दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी बीजेपी के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में सीएम शिवराज रोज़ आठ से दस सभाएं कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने अनूपपुर, मंडला, बालघाट और जबलपुर जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया।
चुनाव प्रचार करने के दौरान का सीएम शिवराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 'पांव-पांव' वाले भैया के नाम से मशहूर CM शिवराज इस वीडियो में जनता से मिलते समय अगली सभा में पहुँचने की जल्दी में दौड़ तक लगाते दिख रहे हैं।
सीएम शिवराज ने भी ये वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है। “चल पड़े हैं, रुकना नहीं है... मध्यप्रदेश का विकास अब थमना नहीं है।”
सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर यह कहा जा रहा है कि इस तरह दौड़ दौड़ कर सीएम शिवराज दिन में दस दस चुनावी सभायें कर रहे हैं। इसलिए ही वे स्टार प्रचारक नंबर वन कहे जाते हैं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि मामा जी की यह दौड़ उन्हें क्या मंजिल तक ले जाएगी?