मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी को बहुमत तो मिल गया। लेकिन पार्टी में CM फेस को लेकर संशय अभी भी बरकरार है। बीजेपी में मुख्यमंत्री चयन को लेकर दिल्ली में चल रही उठा-पठक के बीच मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने अलग ही अंदाज में राजनीतिक संदेश दे रहे हैं।

सीएम शिवराज ने गुरुवार को श्योपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन लाड़ली बहना सम्मेलन में हिस्सा लिया। श्योपुर में लाडली बहनों ने सीएम शिवराज सिंह चौहान पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और रक्षासूत्र बांध कर प्रचंड जीत की बधाई दी।

इस मौके पर बोलते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, मेरी बहनों और भाइयों, जब तक मेरी सांस चलेगी... मैं आपके लिए जिऊंगा और भारतीय जनता पार्टी आपकी सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मेरा आपसे निवेदन है... देश और प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ा रहे हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाना है।

सीएम ने आगे कहा, मेरी बहनों, सरकार भी आ गई और 10 तारीख भी आ रही है, मेरी बहनों, आपके भैया द्वारा दी गई एक-एक गारंटी पूरी की जाएगी, मैं हर एक वचन निभाऊंगा। भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश में ऐसा बहुमत मिला है कि लोग दंग रह गए हैं। यह प्रचंड विजय बहनों के आशीर्वाद से मिली है।

यह विजय अपने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के प्रति जनता की श्रद्धा और अटूट विश्वास की विजय है।   इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, कार्यकर्ता बहनों-भाइयों, मैं तो आपका परिवार हूं। अपनी जिंदगी भाजपा के माध्यम से जनता और प्रदेश की सेवा करने के लिए है।

हम संकल्प लें कि श्योपुर और विजयपुर विधानसभा से भाजपा को मुरैना लोकसभा में इतनी बड़ी जीत दिलाएंगे कि दुनिया आश्चर्य करेगी। आप सब कार्यकर्ताओं की मेहनत को प्रणाम और धन्यवाद... आप सबकी मेहनत के कारण भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में 163 सीट जीती है। यह जीत मैं आप सबको समर्पित करता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भारत को भगवान का वरदान हैं, उनके नेतृत्व में देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है और हमारा सीना भी गर्व से फूल रहा है और हमारा माथा भी ऊंचा उठाया है तो नरेंद्र मोदी जी ने उठाया है। सीएम ने कार्यकर्ता साथियों से कहा, मैं हर पल तुम्हारे साथ खड़ा हूं, ये आपको वचन देने आया हूँ। ये अजूबा है कि 3 दिन भी नहीं हुए हों रिजल्ट के और जिन सीटों पर जीत नहीं पाए, कोई आया हो। मैं तो तुम्हारा हूं, तुम्हारे लिए खड़ा हूं।