प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मध्यप्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने आज चुनाव प्रचार की शुरुआत बैतूल से की। यहाँ चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखे हमले किये।
राहुल गांधी के 'मेड इन चाइना' वाले बयान पर बिना नाम लिए पलटवार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक महाज्ञानी कह रहे थे कि भारत के पास 'मेड इन चाइना' मोबाइल फोन होता है। अरे, मूर्खों के सरदार, किस दुनिया में रहते हैं लोग? आज भारत दुनिया में मोबाइल फोन का सबसे बड़ा निर्माता है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि हार तय देख कांग्रेस नेता बौखला गए हैं। आज पूरे MP से रिपोर्ट मिल रही है कि कांग्रेस ने हार मानकर खुद को भाग्य भरोसे छोड़ दिया है। मान लिया है कि मोदी की गारंटी के सामने कांग्रेस के झूठे वादे एक पल भी टिक नहीं सकते।
पीएम ने आगे कहा कि हार निश्चित देख कांग्रेस नेताओं में साइड इफेक्ट हुआ है। वे बौखला गए हैं। कांग्रेस के धमकीबाज नेताओं की खुद की कोई गारंटी नहीं। इनके भ्रष्टाचार के पाप ही इतने हैं कि चिंता रहती है कि मोदी कहीं लॉकर खोल देगा तो लेने के देने पड़ जाएंगे।