रविवार की शाम मौसम में भारी बदलाव से इंदौर में तेज हवा के साथ शहर में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई। शहर में करीब चार स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं लाइनों पर झुकने और गिरने से फीडर फाल्ट हुए।
अन्य कई स्थानों पर तकनीकी कारणों से फीडरों से बिजली प्रदाय भी अवरूद्ध रहा। इस तरह से 4 से 8 बजे के बीच अलग-अलग समय शहर के 11 केवी के 525 फीडरों में से 19 फीडरों से बिजली प्रदाय अवरूद्ध हुआ।
बिजली कर्मचारियों ने गिरते पानी में कार्य किया और आधे घंटे से लेकर डेढ़ घंटे में बिजली व्यवस्थाएं सुचारू कीं। इस दौरान शहर में 2 से 3 जगहों पर ज्यादा तकनीकी कार्य में सुधार में ढाई घंटे का समय भी लगा। शहर के तीसों जोन की टीमों ने शाम 4 से 8 बजे तक 5 सौ से ज्यादा व्यक्तिगत शिकायतों (एफओसी) का समाधान किया।