मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के रणजीत हनुमान मंदिर की 137 साल पुरानी परंपरा के तहत प्रभातफेरी निकाली गई। इस दौरान गुरुवार 4 जनवरी की सुबह चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां निकाली जा रही प्रभातफेरी के दौरान भीड़ में से कुछ बदमाशों ने एक-दूसरे पर चाकुओं से हमला कर दिया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7.30 बजे की है। रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी महू नाका से अन्नपूर्णा के रास्ते पर थी। गोमा की फैल में रहने वाले शुभम रघुवंशी (25) और उसका साथी कृष्णा प्रजापत (29) अपने दोस्तों के साथ यात्रा में शामिल होने के लिए सुबह घर से निकले थे। दोनों रणजीत हनुमान के रथ के दर्शन कर रहे थे, लेकिन यात्रा के दौरान भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की होने लगी।

जिसके बाद कुछ बदमाशों से शुभम की झड़प हो गई और बदमाशों ने शुभम पर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच शुभम के दोस्त कृष्णा की भी बदमाशों से झड़प हो गई, बदमाशों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर भाग गए।

दोस्तों की मदद से शुभम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में उसका साथी कृष्णा घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्नपूर्णा थाना पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

इंदौर में हनुमान अष्टमी के अवसर पर रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी सुबह पांच बजे निकली। इस बार बाबा रणजीत हनुमान की प्रभातफेरी में 7 भजन गायक शामिल हुए। यात्रा में भजन गायकों के अलावा महाकाल की टोली भी शामिल हुई। पुलिस के मुताबिक, इस पारंपरिक यात्रा में करीब 3 लाख श्रद्धालु मौजूद थे।