भोपाल: प्रदेश में वन माफियाओं के विरूद्ध की जा रही कार्यवाही में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। देवास जिले में स्थित खिवनी वन्यप्राणी अभ्यारण में अवैध प्रवेश कर, वन्यप्राणियों के रहवास को क्षति पहुंचाकर विनिर्दिष्ट वनोपज खैर की कटाई कर, उसका अवैध परिवहन व व्यापार के संबंध में वन अपराध प्रकरण दिनांक 21 जनवरी 2020 दर्ज कर विवेचना टाइगर स्ट्राइक फोर्स इंदौर के द्वारा की जा रही है। इसमें एक अंतर्राज्यीय गिरोह के लिप्त होने के साक्ष्य मिले हैं, जिनका नेटवर्क मध्यप्रदेश के अतिरिक्त महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड व दिल्ली में फैला हुआ है।
इस प्रकरण में विगत दो वर्ष से बेल जंप ईनामी आरोपी मो. इकबाल पिता दीन मोहम्मद निवासी नूह, हरियाणा को स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स की इंदौर इकाई द्वारा राजसमंद ( राजस्थान) से गिरफ्तार किया गया। उक्त आरोपी खैर वनोवज की अवैध कटाई खिवनी अभ्यारण एवं आसपास के जंगलो से करवाकर उसका अवैध परिवहन कर उसे मध्यप्रदेश से अन्य राज्यों में भेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था।
उक्त आरोपी को विशेष न्यायालय इंदौर में पेश किया जावेगा। प्रकरण में अब तक 11 आरोपियों को 5 राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है, जो प्रदेश के वनक्षेत्र एवं अन्य क्षेत्रों से विनिर्दिष्ट वनोपज खैर प्रजाति के वृक्षों की अवैध कटाई, परिवहन व उसका अवैध व्यापार के अपराध में लिप्त हैं । उक्त प्रकरण में पूर्व में कार्यवाही करते हुये मुरथल सोनीपत हरियाणा की कत्था फैक्ट्री में छापामार कार्यवाही कर लगभग 17 टन खैरवुड, 1 ट्रक व 1 कार (टोयोटा कॉरोला) को जप्त किया जा चुका है ।