प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 11 फरवरी को झाबुआ के दौरे पर आ रहे हैं। हाल ही में हुए हरदा हादसे को लेकर ये कहा जा रहा था, कि पीएम मोदी के दौरे में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इन ख़बरों का खंडन करते इस संबंध में जानकारी दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 11 फरवरी को झाबुआ में आयोजित प्रवास कार्यक्रम यथावत है। उक्त दौरे में परिवर्तन को लेकर प्रसारित की जाने वाली सूचना भ्रामक एवं तथ्यहीन है।
बता दें कि पीएम मोदी झाबुआ से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूकेंगे। इसकी तैयारी को लेकर सोमवार 5 फरवरी
को झाबुआ में एक बैठक आयोजित भी की गई थी, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी शामिल हुए थे।
लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी का फोकस इस बार आदिवासी बहुल सीटों पर पर है और यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 फरवरी को झाबुआ दौरे पर आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला मध्य प्रदेश दौरा है।
यह भी कहा जा रहा है कि पीएम मोदी झाबुआ जाएंगे और मालवा और निमाड़ को बड़ी सौगात दे सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि पीएम मोदी यहां आदिवासी इलाकों में विकास को लेकर कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं।