मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की जोड़ी को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट आने के बाद दोनों में मतभेद की खबरें आम हुई थीं वहीं इन चर्चाओं को हवा मिलने पर दोनों नेताओं ने एक मंच पर ही हल्की फुल्की बातचीत से ऑल इज वैल का सन्देश भी दिया था।
अब दोनों नेताओं की जुगलबंदी को लेकर कांग्रेस चुनाव प्रभारी रणदीप सुरजेवाला का बयान सामने आया है। रणदीप सुरजेवाला ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की दोस्ती को शोले फिल्म के धर्मेंद्र और अमिताभ जैसी दोस्ती बताया है। साथ ही यह भी कहा कि गब्बर सिंह ने कई बार दोस्ती तोड़ने का प्रयास किया लेकिन कभी इसे तोड़ने में सफल नहीं हो सका। अब इसमें गब्बर कौन है, ये बताने की ज़रूरत नहीं हैं। समझने वाले तो समझ ही गए होंगे।
पूरा मामला उस समय चर्चाओं में आया जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कमलनाथ को दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ने की बात कहते सुना जा सकता है। दरअसल पीसीसी चीफ कमलनाथ कोलारस में टिकट न दिए जाने को लेकर बीजेपी से कांग्रेस में आए वीरेंद्र सिंह रघुवंशी के समर्थकों से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कपड़े फाड़े जाने की बात कही थी।
आपको बता दें कि कांग्रेस की इस कपड़ा फाड़ राजनीति को लेकर काफी बवाल मच गया था। साथ ही सत्ताधारी बीजेपी ने कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा था। इस विवाद को कमलनाथ ने बड़ी ही चतुराई से मजाक में ही सुलझा लिया था। साथ ही दिग्विजय को अपना करीबी भी बताया था।