मध्यप्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार (19 दिसंबर) को भोपाल में पदभार ग्रहण करेंगे। पटवारी कार्यकर्ताओं की नारेबाजी के बीच अपने इंदौर स्थित निवास से भोपाल के लिए निकले हैं। भोपाल आने से पहले वे उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन को पहुंचेंगे।  

बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद वे पदभार ग्रहण करने के लिये भोपाल प्रस्थान करेंगे। भोपाल में भी पटवारी के स्वागत की जबर्दस्त तैयारियां की हैं। जगह जगह स्वागत मंच बने गए हैं और PCC तक पहुँचने वाले रास्ते पर पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं।

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कार से देवास होते हुए भोपाल पहुंचेंगे। देवास में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी दोपहर 12.30 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे। दोपहर में भोपाल प्रवेश के बाद वे पदभार ग्रहण के लिए निकलेंगे।

लंबे समय बाद कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य में युवा टीम का गठन किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और उपनेता प्रतिपक्ष तीनों की उम्र 50 साल से कम है। पीसीसी चीफ कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि आदिवासी नेता उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया गया है।