अयोध्या में राम का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 22 जनवरी को होने जा रहा है। इसे लेकर लोगों में काफी उत्साह है। इस ऐतिहासिक दिन को लेकर सभी राम भक्त राममय नज़र आ रहे हैं। हर भक्त रामलला के दर्शन करना चाहता है।
इंदौर के धावक कार्तिक जोशी रामलला के दर्शनों के लिए दौड़कर अयोध्या पहुंचेंगे। इसके लिए युवा धावक कार्तिक ने इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर से प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या तक शुक्रवार 5 जनवरी को सुबह 8 बजे दौड़ की शुरुआत की।
कार्तिक ने कैलाश विजयवर्गीय और पुष्यमित्र भार्गव की गरिमामयी उपस्थिति में इस दौड़ की शुरुआत की। वे 14 दिनों में 1008 किमी की दूरी तय करेंगे।
कार्तिक उनका कहना है कि इस दौड़ का उद्देश्य समाज को धर्म से जोड़ना और लोगों को फिट रहने के प्रति जागरूक करना है।
कार्तिक ने कहा कि मेरी प्रेरणा का स्रोत साइकिल चालक नीरज याग्निक हैं जो 2020 में 960 किमी 11 किलो चांदी की शिला लेकर साइकिल से अयोध्या गए थे। 14 दिवसीय यह यात्रा रणजीत हनुमान से शुरु होकर महूनाका, बड़ा गणपति, खजूरी बाजार, राजवाड़ा, जेल रोड, मरीमाता, बाणगंगा से होते हुए उज्जैन, सारंगपुर, जोगीपुरा, गुना, पूरनखेड़ी, सुरवाया, झांसी, ऐठ, कालपी, कानपुर, नवाबगंज, बरेली से गुजरते हुए श्री राम मंदिर अयोध्या पहुंचगी।