मुख्यमंत्री मोहन यादव के मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद इंदौर के दिग्गज नेता और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय बड़ा कदम उठा सकते हैं। बताया जा रहा है कि विजयवर्गीय अब राष्ट्रीय महामंत्री के पद से इस्तीफा दे सकते हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने इस बात के संकेत दिए हैं।  

कैलाश विजयवर्गीय ने एक साक्षात्कार कहा कि मैं राष्ट्रीय महामंत्री के पद से इस्तीफा दूंगा। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष के फैसले का इंतजार कर रहा हूं। इस्तीफा मैंने लिखकर तैयार कर लिया है। ऐसे में यह माना जा रहा कि विजयवर्गीय अब राष्ट्रीय स्तर की बजाय प्रदेश की सियासत को प्राथमिकता देंगे।

इधर शपथ के बाद विभागीय वितरण में अब विजयवर्गीय के कद को लेकर निगाह टिकी हुई है। यह माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में उन्हें बड़ा विभाग मिलेगा। कहा यह भी जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय को गृहमंत्री बनाया जा सकता है। वे पहले नगरीय प्रशासन और PWD मंत्री रह चुके हैं।

गौरतलब है कि कैलाश विजयवर्गीय पहली बार जुलाई 2015 में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए थे। तब विजयवर्गीय शिवराज सरकार में नगरीय प्रशासन एंव विकास, आवास और पर्यावरण मंत्री थे। संगठन में पद मिलने के बाद विजयवर्गीय ने शिवराज मंत्रिमंडल से एक व्याक्ति एक पद के नियम का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था।

इस विधानसभा चुनाव में भाजपा आलाकमान ने अप्रत्याशित निर्णय लेते हुए विजयवर्गीय को इंदौर-1 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाया था। विजयवर्गीय ने इस सीट पर कांग्रेस के कद्दावर विधायक संजय शुक्ला को शिकस्त देकर जीत हासिल की थी।