भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय का एक बयान वायरल हो रहा है। बयान में वे नीतिश कुमार पर तंज कसते हुए कहते नज़र आ रहे हैं कि "जब मैं विदेश जाता था तो कोई कहता था कि वहां महिलाएं कभी भी अपना बॉयफ्रेंड बदल लेती हैं। बिहार के मुख्यमंत्री ऐसे ही हैं, उन्हें पता ही नहीं चलता कि वह किसका हाथ पकड़ें या छोड़ें।" कैलाश विजयवर्गीय अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कैलाश विजयवर्गीय का ये वीडियो अपने X हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा है। शायद आज भाजपा के इस वरिष्ठ नेता की भौंडी टिप्पणी पर टेलीविज़न डिबेट्स अवश्य होंगी!!!
पवन खेड़ा ने Surendra Rajput @ssrajputINC की पोस्ट को रीपोस्ट किया है।
@ssrajputINC ने लिखा है, ये कैलाश विजयवर्गीय है भाजपा के बड़े नेता है CM बनने के सपने पाले बैठे है और लड़कियों के प्रति इनकी सोच सुन लीजिये तो आपके कान से खून निकलने लगेगा! नीचता की हद में गिर कह रहे है लड़कियाँ कभी भी Boy Friend बदल लेती हैं। धिक्कार है ऐसे नेताओ पर,गोदी मीडिया और एंकर पर जो नीतीश जी को माफ़ी माँगने के बाद भी उन्हें कोस रहे है पर कैलाश पर चुप हैं।
कैलाश विजयवर्गीय का यह विडियो पुराना है लेकिन नीतीश कुमार को लेकर चल रहे विवादों के बाद यह एक बार फिर वायरल हो रहा है। विजयवर्गीय इस बार विधानसभा चुनाव में इंदौर-1 से भाजपा के उमीदवार हैं।
गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार हाल ही में एक बयान देकर विवाद में फंस गए थे। उन्होंने बिहार की विधानसभा में यौन शिक्षा को लेकर एक बेतुका बयान दिया था। जिसके बाद उन्होंने सार्वजिनक तौर पर माफी भी मांगी थी। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था, कि मैं अपने आप से ही शर्मिंदा हूं।
अब आपको बता दें, कि नीतिश कुमार के बीजेपी का साथ छोड़कर राजद के साथ सरकार बनाने को लेकर बीजेपी के कई नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की काफी आलोचना की तब कैलाश विजयवर्गीय ने एक अजीब उदाहरण देकर नीतीश को फटकार लगाने की कोशिश की थी। विजयवर्गीय ने नीतीश के बीजेपी छोड़ने को 'लड़कियों द्वारा बॉयफ्रेंड बदलने' जैसा बताया।