मध्यप्रदेश चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के नाम से वायरल वीडियो ने सियासत में उबाल ला दिया है। कांग्रेस इन वीडियो को लेकर भाजपा पर हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने वीडियो को  राष्ट्रीय सुरक्षा और नशे के कारोबार से जोड़कर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठाये हैं।

मैं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से जानना चाहता हूं कि उनके लिए सबसे पहले पार्टी और परिवार का हित है या देशहित। केंद्रीय मंत्री और विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी श्री नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र के तीन वीडियो अब तक सामने आ चुके हैं। कथित तौर पर 100 करोड रुपए के लेनदेन से शुरू हुआ मामला अब 10000 करोड रुपए तक के लेनदेन तक पहुंच चुका है। इसमें मादक पदार्थों के व्यापार और कनाडा से सीधा संबंध दिखाया जा रहा है।

कमलनाथ ने आगे कहा कि यह मामला अब किसी व्यक्ति या पार्टी का नहीं है, बल्कि सीधे राष्ट्रीय सुरक्षा और नशे के कारोबार से जुड़ता हुआ दिख रहा है।
इसकी तत्परता से जांच होनी चाहिए ताकि पता चल सके कि सच क्या है और झूठ क्या है? लेकिन दुख की बात यह है कि भाजपा का पूरा राष्ट्रीय नेतृत्व इस समय मध्य प्रदेश में है और मध्य प्रदेश में जारी हुए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर कोई एक शब्द तक नहीं बोल रहा। मैं आगाह करता हूं कि जो लोग राष्ट्रहित के सामने निजी हित को आगे रख रहे हैं, उन्हें मध्य प्रदेश माफ नहीं करेगा।

वहीं वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने इसे कूटरचित और राजनीतिक षड्यंत्र बताया था। उन्होंने लिखा था कि सोशल मीडिया पर एक कूट रचित वीडियो मेरे बेटे से संबंधित वायरल किया गया है। यह एक सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा है जो चुनाव के समय विपक्ष के द्वारा जनता को भ्रमित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

वीडियो की जांच की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री तोमर ने आगे लिखा था कि पूर्व में इस तरह के झूठे वीडियो के संबंध में मेरे पुत्र देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने पुलिस जांच हेतु आवेदन भी किया था।  मैं आज पुन: इस वीडियो की CFSL जांच हेतु एजेंसियों से मांग करता हूँ, ताकि सत्य बाहर आ सके और षड्यंत्र उजागर हो सके।