कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां चुनावी समर में ज़ोर आजमाइश करने में लगी हैं। चुनाव प्रचार के साथ ही नेताओं का एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तो चल ही रहा है। साथ ही प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करने का सिलसिला जारी है।

यानि भाजपा-कांग्रेस  का चुनावी मोड फुलऑन है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी गुरुवार को छिंदवाड़ा में नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के पहले वे जिले में रोड शो भी करेंगे। साथ ही आज कांग्रेस के गुना जिले से चारों प्रत्याशी भी एक साथ नामांकन फार्म भरेंगे। इस दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौजूद रहेंगे। बता दें कि राघौगढ़ से जयवर्धन सिंह वहीं चाचौड़ा से लक्ष्मण सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।

राजधानी भोपाल में भी कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी 26 अक्टूबर गुरुवार को नामांकन दाखिल कर रहे हैं। भोपाल दक्षिण पश्चिम से कांग्रेस प्रत्याशी पी सी शर्मा अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं कांग्रेस के मध्य विधानसभा प्रत्याशी आरिफ मसूद भी अपना पर्चा दाखिल करेंगे।

बात करें सत्तादारी दल भाजपा की तो विधायक रामेश्वर शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग और विधायक कृष्णा गौर भी गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
सभी प्रत्याशी भोपाल कलेक्ट्रेट ऑफिस में अपना नामांकन जमा करने पहुंचेंगे।