विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से प्रचंड जीत मिली है। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाइयां और शुभकामना संदेश दिए जाने का सिलसिला चल रहा है।
सीएम शिवराज को बधाई देने में पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमल नाथ भी पीछे नहीं रहे। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सीएम शिवराज को बधाई देने के लिए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। कमल नाथ ने विधानसभा चुनाव में जीत पर सीएम को बधाई दी, कहा- हम विपक्षी दल बने रहेंगे लेकिन मप्र के हित में हम जो भी कर सकते हैं करेंगे। इस दौरान कमल नाथ के बेटे और छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ भी उनके साथ रहे।
सीएम शिवराज को जीत की बधाई देने के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा- मैंने अभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। जब मैं मुख्यमंत्री बना तो वे भी मुझे बधाई देने आये थे। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि हम एक विपक्षी दल बने रहेंगे लेकिन राज्य के हित में हम जो कर सकते हैं वह करेंगे।
आपको बता दें कि एमपी में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की है, राज्य की कुल 230 सीटों में से बीजेपी के खाते में 163 सीटें आई हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त देने के बाद शिवराज सरकार ने जबरदस्त वापसी की है। इस बार के चुनाव में भी सीएम शिवराज सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले उम्मीदवारों में शामिल थे। बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत लगभग सभी दिग्गज नेताओं ने अपनी-अपनी सीटें जीत ली हैं।