मध्यप्रदेश समेत पांच राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब इन राज्यों के नतीजों को लेकर एग्जिट पोल सामने आ चुके हैं। मध्यप्रदेश को लेकर 8 एग्जिट पोल में से 4 भाजपा की सत्ता में वापसी करवा रहे हैं, जबकि 3 पोल कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना जताई जा रही है जबकि एक सत्ता के करीब बता रहे हैं।

अगर पोल ऑफ पोल्स की बात की जाये तो प्रदेश में भाजपा को 125, कांग्रेस को 100 और अन्य को 5 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। आजतक-एक्सिस माय इंडिया के ExitPolls में तो भाजपा को  140 से 162 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत से जीत मिलते बताया गया है। इन एग्जिट पोल के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने X पर लिखा- 'मैं सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी ताकत याद दिलाना चाहता हूं। आप लोग कांग्रेस की ताकत हैं और यह आपकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि लोगों ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में भारी मतदान किया। तीन दिसंबर को मतगणना शुरू होने पर जनता कांग्रेस सरकार को मंजूरी देगी। मैं आपसे हमेशा कहता हूं कि देश टेलीविजन से नहीं बल्कि विजन से चलता है।'

जैसा कि हम देख सकते हैं, कई एग्जिट पोल में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती दिखाई दे रही है, जबकि कुछ एग्जिट पोल कुछ और ही कहानी कह रहे हैं। आपको इस सब से अपना ध्यान भटकने की ज़रूरत नहीं है। अर्जुन की तरह तुम्हें भी अपनी नजर सिर्फ अपने लक्ष्य पर रखनी है। आपको मतगणना के दिन अपना पूरा ध्यान देना है और यह सुनिश्चित करना है कि कांग्रेस को मिले हर वोट की गिनती ठीक से हो और राज्य में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बने।

मतदान के बाद अब वोटों की गिनती को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ सतर्कता बरत रहे हैं। बताया जा रहा है कि कमलनाथ 2 दिसंबर को भोपाल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे, जबकि 3 दिसंबर की सुबह कमल नाथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वह दिनभर पूरे राज्य में चुनाव परिणामों और नतीजों की समीक्षा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पीसीसी चीफ कमल नाथ के साथ विधि विशेषज्ञ और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विशेषज्ञ भी मौजूद रहेंगे।