भोपाल: प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित खजुराहो के एयरपोर्ट का विस्तार होगा। इसके लिये राज्य सरकार बीस एकड़ अतिरिक्त भूमि अधिगृहित करेगा। यह एयरपोर्ट भारत सरकार के एयरपोर्ट अथारिटी आफ इण्डिया द्वारा संचालित है तथा इसमें देश-विदेश के अनेक पर्यटक विमानों से आते हैं। एयरपोर्ट अथारिटी ने खजुराहो एयरपोर्ट के विस्तार का प्रस्ताव भेजा है तथा राज्य का विमानन विभाग छतरपुर कलेक्टर से इस बीस एकड़ अतिरिक्त भूमि के बारे में जानकारी जुटा रहा है कि यह भूमि किस-किस की है तथा इसका अधिग्रहण कैसे हो सकेगा।
अधिग्रहण के बाद यह अतिरिक्त भूमि एयरपोर्ट अथारिटी को सौंप दी जायेगी जिसमें वह अपने विस्तार कार्य करेगा। यह अतिरिक्त भूमि अथारिटी को नि:शुल्क दी जायेगी। विधानसभा आम चुनाव होने के बाद नई सरकार के गठन के बाद इस पर कार्य होगा। विमानन विभाग भूमि अधिग्रहण राजस्व विभाग के माध्यम से करेगा तथा अधिग्रहण की राशि भी बजट में मंजूर की जायेगी।