भोपाल: राजधानी के सतपुड़ा भवन में कुछ माह पूर्व हुये भयानक अग्निकांड से सबक लेकर अब राजधानी परियोजना प्रशासन (लोनिवि एवं पर्यावरण वानिकी वनमंडल) सतपुड़ा एवं विन्ध्यांचल भवन और मंत्रालय में आग बुझाने वाले संयंत्र लगाने जा रहा है।

आगामी 3 दिसम्बर को विधानसभा आम चुनाव की मतगणना के बाद बनने वाली नई सरकार के लिये यह तैयारी प्रारंभ की गई है। वल्लभ भवन ब्लाक एक में 1 लाख 29 हजार 224 रुपये, सतपुड़ा भवन में 12 लाख 41 हजार 845 रुपये एवं विन्ध्यांचल भवन में 12 लाख 5 हजार 125 रुपये के फायर एक्स्टिंग्युशर लगाये जायेंगे। इसके लिये आनलाईन टेण्डर जारी कर दिया गया है।

इसके अलावा, विधानसभा भवन एवं मंत्रालय के सामने स्थित मेन रोड जोकि पत्रकार भवन तिराहा से शौर्य स्मारक तक जाती है, को भी चमकाया जा रहा है जिस पर 19 लाख 96 हजार रुपये व्यय किये जायेंगे। वल्लभ भवन में पेस्ट कण्ट्रोल ट्रीटमेंट, डिसिन्फेक्शन ट्रीटमेंट एवं एन्टी टर्माईट ट्रीटमेंट पर भी 19 लाख 96 हजार रुपये व्यय किये जायेंगे। अग्निकांड से क्षतिग्रस्त सतपुड़ा भवन में करीब 40 लाख रुपये से मरम्मत कार्य किये जायेंगे।