सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन शुक्रवार रात स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी चेक करते समय लोको पायलट लूप लाइन से निकल रही थ्रू राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। राजधानी थ्रू हो के कारण जब तक वह कुछ समझ पाते राजधानी उन्हें चपेट में ले चुकी थी। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि बावड़िया कला शाहपुरा निवासी 46 साल के गणेश गुलबासे भोपाल रेल मंडल में लोको पायलट थे। शुक्रवार तड़के उन्हे मालगाड़ी लेकर जाना था। करीब ढाई बजे के आसपास वह सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी चेक कर रहे थे। वह इंजन से उतरकर एक तरफ से गाड़ी चेक कर रहे थे, जबकि दूसरी तरफ गार्ड ब्रेक से उतरकर गाड़ी चेक कर रहे थे।
इसी बीच लूप लाइन लाइन क्लिीयर हुआ और भोपाल की तरफ से बिलासपुर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस गुजरी। थ्रू होने के कारण राजधानी करीब 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गुजरी थी। गणेश जब तक गाड़ी का हार्न सुनकर संभल पाते राजधानी उन्हें चपेट में लेकर गुजर गई। उन्हें इंजन की टक्कर लगी थी और वह उछलकर दूर गिरे थे। इस हादसे में गंभीर चोट होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।